फोटो परिचय-  गिरफ्तार अभियुक्तों को बरामद जेवरात व नकदी के साथ पेश करती पुलिस टीम।

– शादी से लौटते समय सुनसान रास्ते पर दिया था वारदात को अंजाम

– पुलिस ने 24 घंटे में सात आरोपियों को दबोचा, सोने का हार, चांदी की पेटी और नकदी बरामद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। रिश्तों को शर्मसार करने वाली लूट की एक वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि महिला के जेवर लूटने की पूरी पटकथा किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही रिश्तेदार ने तैयार की थी। मौसी के कीमती आभूषणों पर नजर पड़ने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और शादी समारोह से लौटते समय वारदात को अंजाम दिला दिया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि लूट का सोने का हार खरीदने वाला सातवां आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 22 नवंबर की रात बिंदकी थाना क्षेत्र के जाफराबाद निवासी अंजना देवी पत्नी किशन चंद्र अपने रिश्तेदार जीत बहादुर के साथ मोटरसाइकिल से शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रही थीं। रात करीब 11 बजे गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। डंडों के दम पर महिला को डराकर सड़क किनारे खेत में गिरा दिया और उनके पास रखे जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर 23 नवंबर को बिंदकी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को ऐसा सुराग मिला, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पता चला कि पीड़िता के साथ मौजूद रिश्तेदार जीत बहादुर ही लूट की साजिश का प्रमुख सूत्रधार था। पुलिस के मुताबिक उस पर मोटरसाइकिल की किस्त बकाया थी और मां के इलाज के लिए भी कर्ज चढ़ा हुआ था। शादी समारोह में जब उसने अपनी मौसी को कीमती जेवर पहने देखा तो उसकी नीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसने पांच अन्य साथियों को शामिल कर लूट की योजना तैयार कर ली।

पुलिस के मुताबिक वारदात के समय जीत बहादुर ने मोटरसाइकिल का इंडिकेटर जलाकर अपने साथियों को संकेत दिया। वहीं ज्ञान प्रकाश आसपास के इलाके में रेकी कर रहा था। इसके बाद अन्य साथियों ने महिला को डंडों का भय दिखाकर जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने लूटे गए आभूषणों को ठिकाने लगाने की कोशिश की।

पुलिस ने 24 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महरहा चौराहे के पास जनता बाईपास रोड पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें मुख्य साजिशकर्ता जीत बहादुर के अलावा देवाशीष उर्फ देवा, दुर्गेश उर्फ लाल, सत्यम, नीलू कुमार और ज्ञान प्रकाश शामिल हैं। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर बिंदकी सराफा बाजार स्थित एक सुनार की दुकान से चांदी की कमर की हाफ पेटी बरामद की गई।

वहीं सोने का हार खरीदने वाले आदित्य सोनकर को भी पुलिस ने जहानाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटा गया सोने का हार बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु का एक गले का हार, सफेद धातु की एक कमर हाफ पेटी, 20 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एएसपी के अनुसार लूट का सोने का हार आदित्य सोनकर को एक लाख 20 हजार रुपये में बेचा गया था। इसमें 20 हजार रुपये तत्काल दिए गए थे, जबकि बाकी रकम बाद में देने की बात तय हुई थी। दूसरी ओर चांदी की कमर पेटी को 18 हजार रुपये में गिरवी रखा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों में जीत बहादुर निवासी कोरइयां थाना बिंदकी, देवाशीष उर्फ देवा, सत्यम, नीलू कुमार और ज्ञान प्रकाश निवासी ओखर कुंवरपुर तथा दुर्गेश उर्फ लाल निवासी खानपुर थाना कल्याणपुर शामिल हैं। वहीं सातवां आरोपी आदित्य सोनकर मूल रूप से कानपुर नगर का निवासी है और वर्तमान में जहानाबाद में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक देवाशीष के खिलाफ मलवां थाने में पहले से दो मुकदमे भी दर्ज हैं।

इस वारदात का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अपराध श्याम प्रकाश पांडेय, उपनिरीक्षक विवेकानंद मिश्र, उपनिरीक्षक दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश पाल तथा कांस्टेबल राहुल, नरेंद्र बिंद और विजयशंकर यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now