CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुकेती गांव निवासी जितेन्द्र कुमार पासवान (22) पुत्र श्यामलाल पासवान का विवाह 10 मई 2025 को नेहा पुत्री अनोखेलाल निवासी मटिहा थाना असोथर के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। उन्होंने बताया कि विवाद के चलते मामला पहले भी थाने तक पहुंच चुका था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी पक्ष के कुछ लोगों द्वारा जितेन्द्र को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, नेहा की मौसी के लड़के द्वारा भी युवक को परेशान किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि कानपुर में युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी तथा एक बार उस पर चाकू से हमला भी किया गया था, जिसके निशान उसके हाथ में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी अपने मायके मटिहा चली गई थी। इससे जितेन्द्र मानसिक तनाव में आ गया था। सोमवार सुबह वह गांव के बाहर स्थित एक बाग में पहुंचा और चितवन के पेड़ में मफलर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार में बड़े भाई मनोज कुमार (28), मोहन कुमार (26), सोहन कुमार (24) तथा छोटा भाई दिलीप कुमार (20) हैं। युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
