– बिक्री पर तत्काल रोक, लोगों से सेवन न करने की अपील
– जांच में तय मानक से अधिक मिला जहरीला कीटनाशक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राग ब्रांड के सब्जी मसाले को असुरक्षित घोषित कर उसके 40 पैकेट सीज कर दिए। जांच में मसाले के नमूने में ट्रियाजोफोस नामक कीटनाशक की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाए जाने के बाद विभाग ने संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही आम लोगों से इस मसाले का सेवन नहीं करने की अपील की गई है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में अभियान चलाया। मलवां इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जेडीएसएल फ्लोर मिल, आयुष्मान फ्लोर मिल और बीडीआरडी फ्लोर मिल का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण एक आटा का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा गाजीपुर रोड स्थित साकेत नगर में संचालित आरएसजी फूड्स प्रोडक्ट्स का भी निरीक्षण किया गया। विभाग ने बताया कि इस इकाई से 8 जुलाई को राग ब्रांड सब्जी मसाला का नमूना लिया गया था। खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में मसाले में ट्रियाजोफोस की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिलने पर इसे असुरक्षित घोषित किया गया। रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को दोबारा निरीक्षण कर बैच नंबर-01 के 40 पैकेट सब्जी मसाला सीज कर दिए गए तथा उसी बैच के मसाले की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस बैच के राग ब्रांड सब्जी मसाले का उपयोग न करें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित इकाइयों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह एवं देवेश मिश्रा शामिल रहे।
