CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम चांदपुर एवं मडौली में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना से प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की ओर से राहत पहुंचाई गई। जानकारी मिलते ही राज्यमंत्री कृष्णा पासवान प्रभावित गांवों में पहुंचीं और पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना।
बताया गया कि चांदपुर गांव में गया पासवान, राजेश पासवान, बबलू पासवान, ननकैया पासवान, नरेश पासवान एवं दीपू पासवान के घरों में आग लगने से घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर राख हो गई थीं। वहीं मडौली गांव में गीता देवी का घर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री, कपड़े, बर्तन तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पीड़ितों को सरकारी योजनाओं एवं आर्थिक सहायता का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री के इस मानवीय प्रयास से प्रभावित परिवारों को राहत मिली। इस मौके पर राजीव त्रिवेदी, ठाकुर अनीश सिंह, शिवचंद्र निषाद, सुमन देवी मौजूद रहे।
