नामांकन दाखिल करते कार्यकारी चेयरमैन डा. अनुराग श्रीवास्तव व नामांकन करने के बाद बाहर खड़ा दूसरा गुट।
दो गुटों ने ठोकी ताल, नामांकन के साथ सियासी सरगर्मी तेज
– 26 मई को प्रेक्षागृह में बैलेट पेपर से होगा मतदान, सदस्यों की नजरें मुकाबले पर टिकीं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला कार्यकारिणी के आगामी चुनाव को लेकर शनिवार को राजनीतिक माहौल जैसा उत्साह देखने को मिला। शनिवार को दोपहर बारह बजे कार्यकारी चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक गुट ने चुनाव अधिकारी एवं अपर उपजिलाधिकारी दुर्गेश यादव के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समर्थकों और सदस्यों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के साथ उनकी पूरी टीम भी नामांकन प्रक्रिया में शामिल रही। इस दौरान स्मिता सिंह, मोहन ज्योति, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, दिलीप कुमार, अजीत सिंह, संजय कुमार श्रीवास्तव, शैलेंद्र अग्निहोत्री, प्रवीण अवस्थी एवं चैतन्य कुमार ने भी अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के समय सभी प्रत्याशियों के प्रस्तावक एवं अनुमोदक भी मौजूद रहे और अपने उम्मीदवारों के समर्थन में उत्साह दिखाई दिया। वहीं दूसरी ओर दूसरे गुट के प्रत्याशियों ने भी निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया। इस गुट में गुरमीत सिंह, शगुफ्ता वसीम, मिसबाहुल हक, हिमांशु श्रीवास्तव, प्रेम शंकर मिश्रा, प्रभात सिंह, बुध प्रकाश मौर्य, केशव अग्निहोत्री, अजय कुमार साहू एवं सुयश शामिल रहे। दोनों गुटों के मैदान में उतरने से चुनाव को लेकर सदस्यों के बीच उत्सुकता और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी का मतदान आगामी 26 मई को प्रेक्षागृह में कराया जाएगा। चुनाव में सभी सदस्य बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। रेडक्रॉस सोसाइटी के इस चुनाव को लेकर जिले के सामाजिक एवं प्रशासनिक हलकों में काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें 26 मई को होने वाले मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हैं।
