फोटो परिचय- रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते अतिथि।

– आम आदमी पार्टी व सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

– आठ युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का लिया संकल्प

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार को मानव सेवा को समर्पित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आम आदमी पार्टी और सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मानस रक्तकेंद्र में आयोजित शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। इस दौरान आठ युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने की पहल की।
शिविर में आम आदमी पार्टी के नगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान ने अपना 24वां रक्तदान किया। उनके साथ शुभम, शिवम साहू, सत्यम अवस्थी, आशीष तिवारी, संदीप गुप्ता, पंकज सिंह और शिव सोनी ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीराम पटेल, जिलाध्यक्ष राम किशोर विश्वकर्मा और मानस रक्तकेंद्र के डॉ. कैलाश पटेल ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
श्रीराम पटेल और राम किशोर विश्वकर्मा ने शहीद भगत सिंह के विचारों को याद करते हुए कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने के साथ ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शिविर के आयोजन में आम आदमी पार्टी के मनोज पाल, राहुल द्विवेदी और नज्राना शाह के साथ सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह का सहयोग रहा। मानस रक्तकेंद्र की ओर से डॉ. कैलाश पटेल, रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति ने रक्तदान प्रक्रिया को संपन्न कराने में सेवाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now