फोटो परिचय- कल्यानपुर थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– कल्यानपुर थाने में 54 फरियादियों ने रखीं अपनी समस्याएं
– राजस्व की पांच और पुलिस की चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थाना समाधान दिवस में शनिवार को कल्यानपुर थाने पहुंचे फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद रही। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 54 प्रार्थना पत्र अधिकारियों के सामने पहुंचे। इनमें 39 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि 15 शिकायतों का संबंध पुलिस विभाग से था। अधिकारियों के निर्देश पर राजस्व से जुड़ी पांच और पुलिस विभाग से संबंधित चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनशिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष तरीके से करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में जिले के अन्य थानों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
