फोटो परिचय- संवत स्थित स्वास्थ्य केंद्र।
– ग्रामीण मरीजों को चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए करना पड़ रहा इंतजार
– फार्मासिस्ट, एएनएम समेत पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच संवत स्थित एपीएचसी में चिकित्सकीय संसाधनों की कमी सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था फिलहाल एक डॉक्टर के सहारे संचालित हो रही है। सीमित स्टाफ के कारण मरीजों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में स्वास्थ्यकर्मियों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
संवत और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए इसी केंद्र पर पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त चिकित्सकीय एवं सहायक कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं होने से मरीजों को अपेक्षित सुविधाएं मिलने में परेशानी होने की बात सामने आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र पर केवल चिकित्सक की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था संचालित करना मुश्किल है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फार्मासिस्ट, एएनएम, वार्ड ब्वॉय सहित अन्य आवश्यक पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती भी जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संवत एपीएचसी का निरीक्षण कराकर वहां की वास्तविक स्थिति का आकलन कराने और आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय व पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्टाफ की कमी दूर करने को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।
