– किशनपुर के गाटा गांव का मामला, युवक पर अभद्रता और धमकी देने का भी आरोप

– पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के गाटा गांव में वीडियो बनाए जाने का विरोध करना एक महिला और उसकी बेटी को भारी पड़ने का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही एक युवक पर वीडियो बनाने से रोकने पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

गाटा गांव निवासी संगीता देवी पत्नी बालचंद्र शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 27 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान गांव का ही गुड्डू यादव पुत्र उमरता यादव कथित रूप से वीडियो बना रहा था। महिला के अनुसार, उन्होंने वीडियो बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए उसे रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ और उसकी पुत्री के साथ मारपीट की गई। महिला का यह भी आरोप है कि युवक ने धमकी देते हुए कहा कि उसने उसकी पत्नी का वीडियो बना लिया है और उसे वायरल कर देगा।

पीड़िता के मुताबिक घटना के बाद 28 सितंबर को किशनपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई थी, लेकिन आरोप है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित युवक पूर्व में उसकी पुत्री प्रांवी देवी को रास्ते में आते-जाते कथित रूप से अश्लील बातें कहकर परेशान करता रहा है।

संगीता देवी का कहना है कि पहले परिवार ने मामले को गंभीरता से नहीं उठाया, लेकिन अब बेटी की सुरक्षा को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now