फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने जाते अपना दल एस के पदाधिकारी।
– अपना दल (एस) ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, आपदा राहत राशि तत्काल जारी करने की मांग
– बीज-खाद उपलब्ध कराने के साथ पशुओं के टीकाकरण और क्षतिग्रस्त मकानों के सर्वे पर दिया जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने जिले के कई इलाकों में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी धान, केला और हरी सब्जियों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर अपना दल (एस) ने अब शासन से राहत की मांग उठाई है। जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र प्रशासन के माध्यम से भेजा।
पत्र में कहा गया कि बारिश से कृषि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फसलों को क्षति पहुंची है। कई किसानों की तैयार फसलें बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पार्टी ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन कराने और उसके आधार पर किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को अगली फसल की तैयारी में भी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में उन्हें राहत राशि के साथ बीज और उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे दोबारा खेती शुरू कर सकें।
पशुओं के टीकाकरण के लिए लगें शिविर
बारिश प्रभावित तराई क्षेत्रों में पशुओं में लंपी, मुंहपका-खुरपका और गला घोंटू जैसे रोग फैलने की आशंका जताते हुए गांव-गांव टीकाकरण शिविर लगाए जाने की मांग की गई। इसके अलावा गो नंदिनी योजना का लक्ष्य बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों के मुताबिक जिले में छह लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित है, जबकि योजना के लिए करीब 150 आवेदन आए हैं। इसलिए आवेदनों की संख्या को देखते हुए लक्ष्य बढ़ाने के लिए पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजने की मांग की गई।
बारिश से टूटे मकानों का भी हो सर्वे
ज्ञापन में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों का सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश से फसल और मकानों को हुए नुकसान के मामलों में राहत कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय से सरकारी सहायता मिल सके।
इस मौके पर पदम सिंह पटेल, योगेन्द्र सिंह राजा, दीपू पटेल, पप्पू वर्मा, कान्ती कुशवाहा, अरूण पटेल, गुलाब सिंह, दिलदार अली, डा. शिवप्रकाश रावत, सुनील पटेल, सोनू पासवान, अतीश कुमार पटेल, दीपांशु पटेल आदि मौजूद रहे।
