फोटो परिचय- नवागत बीईओ किशन कुमार का स्वागत करते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
– नवागत बीईओ किशन कुमार का पदाधिकारियों ने किया अभिनंदन
– निपुण भारत मिशन को हसवा में प्रभावी बनाने पर दिया जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हसवा ब्लॉक में शैक्षिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर शिक्षक संघ और शिक्षा विभाग के बीच संवाद हुआ। ब्लॉक संसाधन केंद्र हसवा में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी किशन कुमार का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद हुई बैठक में विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने, विभागीय योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा शिक्षकों के सामने आने वाली व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संघ पदाधिकारियों ने निपुण भारत मिशन को प्राथमिकता देते हुए हसवा ब्लॉक को बेहतर प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों में शामिल कराने की दिशा में सामूहिक प्रयास की बात कही।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और विभागीय कार्यों के दौरान आने वाली दिक्कतों से भी बीईओ को अवगत कराया। शिक्षक संघ ने भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा में सुधार और शासन की योजनाओं को सफल बनाने के लिए संगठन विभाग के साथ मिलकर कार्य करेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी किशन कुमार ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की सफलता के लिए शिक्षक और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष शीरज दीक्षित, ब्लॉक महामंत्री अवधेश साहू, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी, संरक्षक मीना बाजपेयी, उमेश चंद्र, नीरज गुप्ता, राजेश मौर्या समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
