फोटो परिचय- हेल्थ वॉक के दौरान जागरूकता संदेश देतीं महिला महाविद्यालय की छात्राएं।
– हेल्थ वॉक के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जागरूक
– छात्राओं ने नशामुक्ति की शपथ लेकर लोगों को दिया सामाजिक संदेश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नशामुक्त युवा और विकसित भारत अभियान के तहत डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।
महाविद्यालय परिसर से छात्राओं ने हेल्थ वॉक निकालकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया। रैली आईटीआई, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा और विकास भवन के सामने से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्राओं ने नशे की आदत से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
हेल्थ वॉक के समापन के बाद छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ और छात्राओं ने नशामुक्ति विषय पर कविताएं प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं के साथ एनसीसी कैडेट्स, रेंजर्स और अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव के संरक्षण में हुआ। इस अवसर पर राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय/राजू भैया विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पवन कुमार मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. चारु मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम में प्रो. शकुंतला, प्रो. लक्ष्मीना भारती, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. अमित कुमार तिवारी, मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. जिया तसनीम, डॉ. अनुष्का चौधरी, डॉ. राज कुमार, बृजेश कुमार पाल समेत महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
