मेडिकल कालेज में भर्ती घायलों का हालचाल लेते डीएम व एसपी।
– इलाज में लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। जिले में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए रविवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम और एसपी ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, उन्हें दिए जा रहे उपचार तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने घायलों के परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण और अन्य संसाधन उपलब्ध रखे जाएं, ताकि घायलों के इलाज में किसी तरह की परेशानी न आए। डीएम-एसपी के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में भी सक्रियता बढ़ी रही। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों की लगातार निगरानी करने और उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लोडर पेड़ से टकराया, दो दर्जन श्रद्धालु जख्मी
फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदकी-कुंवरपुर रोड में अलियाबाद गांव के समीप रविवार की सुबह लगभग दस बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर गाड़ी खंदक में जाकर एक पीपल के पेड़ से जा टकराई। लोडर में करीब दो दर्जन श्रद्धालु सवार थे। लगभग सभी श्रद्धालु गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हड़कंप मचा रहा। मौके पर भारी भीड़ लगी रही। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर तथा जिला अस्पताल भेजा गया। जिसमें कुछ लोगों की हालत अधिक गंभीर बताई जाती है। बताया जाता है कि लोडर में सभी श्रद्धालु कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के कोरवा गांव के रहने वाले है। सभी लोग अपने गांव से लोडर द्वारा प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मानगढ़ श्री कृपालु धाम प्रसिद्ध मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी रास्ते में दुर्घटना होगई। लोडर में सवार शीलू देवी पुत्री मुन्ना, निशा पुत्री मुन्ना, छाया देवी पुत्री झल्लर, नैना पुत्री नरेश, प्रीति पुत्री कल्लू, छुटकी देवी पुत्री कल्लू, उमेरी पत्नी मुन्ना सहित करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। जिसमें कई की हालत गंभीर बताई जाती है।
