डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े कांग्रेसी।
– लेखपाल पर वसूली और बदसलूकी के आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर तहसील में कथित भ्रष्टाचार और आम जनता के उत्पीड़न के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से मुलाकात कर एक प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और जनता के साथ दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में तहसील कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि सदर तहसील के गाजीपुर कस्बे में तैनात एक लेखपाल जनता के कार्यों के नाम पर धन उगाही कर रहा है तथा लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि संबंधित लेखपाल ने अपने निजी स्टाफ की व्यवस्था कर रखी है, जिसके माध्यम से आम लोगों से धन वसूला जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि लेखपाल का रहन-सहन और कार्यशैली उसके पद की मर्यादा के अनुरूप नहीं दिखाई देती। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बातचीत के दौरान लेखपाल द्वारा स्वयं यह कहा गया कि उसके पास पचास लोगों का स्टाफ है, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के महासचिव अनुराग मिश्रा, मणि प्रकाश दुबे एडवोकेट, संतोष कुमारी शुक्ला एडवोकेट, पार्टी प्रवक्ता इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे, विधि प्रकोष्ठ चेयरमैन आदित्य श्रीवास्तव, राम नरेश महाराज तथा सैयद सहाब अली सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
