फोटो परिचय- परिवार परामर्श केंद्र में दंपती से बातचीत करते काउंसलर।
– परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के बीच दूरियां कम करने की हुई पहल
– बातचीत के बाद दोनों ने पुरानी नाराजगी भुलाकर साथ रहने पर जताई सहमति
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को बातचीत और आपसी समझ के जरिए सुलझाने की पुलिस की पहल सफल रही। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में हुई काउंसलिंग के दौरान दंपती ने एक-दूसरे की बात सुनी और आपसी मतभेद दूर कर फिर से साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र की ओर से घरेलू और पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति से निपटाने के लिए लगातार काउंसलिंग कराई जा रही है। शुक्रवार को भी एक दंपती के पारिवारिक विवाद की सुनवाई की गई। इस दौरान काउंसलर कविता रस्तोगी और रामराज वर्मा ने दोनों पक्षों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से बातचीत कर विवाद की वजह समझने का प्रयास किया।
काउंसलरों ने दंपती को समझाया कि आपसी संवाद और संयम के जरिए पारिवारिक मतभेदों को दूर किया जा सकता है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें रिश्ते में आई दूरियों को खत्म कर परिवार को बचाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पति-पत्नी के बीच सहमति बनी और दोनों ने पुरानी नाराजगी को पीछे छोड़कर साथ रहने की बात स्वीकार कर ली।
काउंसलिंग के दौरान महिला आरक्षी अनीता मिश्रा भी मौजूद रहीं। परिवार परामर्श केंद्र की मध्यस्थता से विवाद के समाधान के बाद दंपती के दोबारा साथ रहने की सहमति से परिवार में सुलह की नई राह बनी।
