फोटो परिचय- सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को आशीर्वाद देते जनप्रतिनिधि।
– मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत चार विकास क्षेत्रों के जोड़ों का हुआ विवाह
– विधायक जयकुमार सिंह जैकी समेत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को मलवां विकास खंड के गोपालगंज स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में 141 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच वर-वधुओं ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। समारोह में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी से उत्सव का माहौल रहा।
कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष शशि रमनजीत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष राधा साहू, समाज कल्याण विभाग के एडीओ नीरज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, महेश सिंह गौतम और पंकज शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।
आयोजन के तहत मलवां और तेलियानी विकास खंड के 49-49, खजुहा के 34 तथा नगर पालिका बिंदकी के नौ जोड़ों का विवाह कराया गया। सरकार की ओर से नवदंपतियों को कपड़े, बर्तन और घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं। योजना के अंतर्गत कन्या के खाते में आर्थिक सहायता भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
प्रशासन की निगरानी में आयोजित समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। विवाह के बाद परिजनों और उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देकर उनके नए जीवन की मंगलकामना की।
