– पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर दबंगों पर मारपीट, छिनैती और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, इसके बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
राधानगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी गुड़िया पत्नी रमेशचन्द्र गुप्त ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 मई 2026 की रात करीब 9 बजे उसका बेटा ई-रिक्शा से राशन लेकर लौटा था। रिक्शा खड़ा करने के विवाद में दबंग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, सोने की चेन छीन ली तथा जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि एक युवक ने अवैध तमंचे से फायर भी किया, हालांकि गोली मिस हो गई जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद दबंगों ने घर में घुसने और तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। महिला का आरोप है कि उसने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। वहीं दूसरी ओर विपक्षियों के प्रभाव में आकर उन्हीं के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई और दर्ज मुकदमे को समाप्त कराने की मांग की है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, आईजी प्रयागराज रेंज और जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि भेजकर न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now