फोटो परिचय-  स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर में गतिविधि करते विद्यार्थी।

– तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने लिया हिस्सा

– गांठ बंधन, मार्चपास्ट, पेट्रोलिंग और आपदा प्रबंधन का कराया गया अभ्यास

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, सेवा और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण प्राप्त किया। अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे स्काउट एवं गाइड ने पूरे उत्साह के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लिया।

प्रशिक्षण प्रभारी निर्मल एवं शैलेंद्री के निर्देशन में विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के नियमों, प्रतिज्ञा, इतिहास, प्रार्थना और झंडा गीत की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गांठ बांधने, पेट्रोलिंग, मार्चपास्ट तथा आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। ममोमा चार्ट के जरिए विद्यार्थियों को सांकेतिक भाषा की उपयोगी जानकारी भी दी गई।

शिविर में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज, शुकदेव इंटर कॉलेज खागा और कंपोजिट विद्यालय पैनखुर्द के स्काउट-गाइड ने अपने स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन के साथ सहभागिता की।

आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विषम परिस्थितियों में धैर्य और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में आत्मनिर्भरता, सहयोग की भावना, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा के प्रति रुचि विकसित होती है।

शिविर में अनिल कुमार यादव, प्रतीक्षा द्विवेदी, पूजा गुप्ता समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा स्काउट-गाइड मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now