फोटो परिचय- खंदक में पलटी स्कूली बस से बच्चों को बाहर निकालते ग्रामीण व पुलिस।
– घर लौट रहे 12 स्कूली बच्चों में मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने पहुंचकर कराया रेस्क्यू
– सात बच्चों को चोटें, पांच अन्य को भी मामूली जख्म; प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजे गए
REPORT:- MOHSIN KHAN
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बच्चों को घर पहुंचाने निकली स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में पलट गई। हादसे के बाद बस के भीतर बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में सात बच्चों को चोटें आईं, जबकि पांच अन्य को मामूली चोट लगी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को उनके परिजन घर ले गए।
रक्षपालपुर कस्बे में संचालित मातादीन एक्सेल एकेडमी की बस बुधवार करीब दो बजे 12 बच्चों को लेकर दौलतपुर, गाजीपुर और मानूपुर गांव की ओर रवाना हुई थी। खखरेरू-कोट मार्ग से मानूपुर की तरफ मुड़ने के कुछ ही देर बाद अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक अमृतलाल ने वाहन को नियंत्रित करने और रोकने की कोशिश की, लेकिन बस के पहिये सड़क से नीचे उतर गए। देखते ही देखते बस खंदक में पलट गई।
हादसे में दौलतपुर निवासी छह वर्षीय श्रेयांस, सात वर्षीय हर्ष सिंह, आठ वर्षीय अयांश, आठ वर्षीय अभय सिंह, सात वर्षीय तृस सिंह तथा मानूपुर निवासी आठ वर्षीय अनु सिंह और आठ वर्षीय पीयूष सिंह घायल हो गए। इसके अलावा बस में सवार पांच अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आईं।
आसपास के लोगों ने संभाला मोर्चा
बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन और परिजनों की मदद से घायल बच्चों को निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई गई और उन्हें परिजन अपने साथ घर ले गए।
चालक अमृतलाल के अनुसार हादसे के वक्त बस की गति करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक स्टेयरिंग फेल होने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रहा और उसे रोकने का प्रयास भी सफल नहीं हो सका। घटना के बाद अभिभावकों में स्कूल बसों की फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता दिखाई दी।
