फोटो परिचय- बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करते जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव।

– बहुआ में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं के साथ किया सामूहिक श्रवण

– युवाओं को नशे से दूर रहने और जनभागीदारी बढ़ाने का दिया संदेश

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर सामूहिक श्रवण कराया गया। जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के 23 मंडलों के 2364 बूथों पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भागीदारी, युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया।
अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र के बहुआ मंडल स्थित बूथ संख्या 152 शाह में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के साथ संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इसके जरिए समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों और देशहित से जुड़े प्रयासों को सामने लाया जाता है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल को उनकी जन्मशताब्दी वर्ष में स्मरण करते हुए उनके त्याग, तपस्या और राम मंदिर निर्माण में योगदान का उल्लेख किया। इसके अलावा प्रतापगढ़ के आंवला क्षेत्र के किसानों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों तथा पंजाब के पूर्व खिलाड़ी राजेंद्र सिंह द्वारा खेल प्रतिभाओं को तलाशने और आगे बढ़ाने के प्रयासों की चर्चा की गई।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने का संकल्प लिया।
सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बूथ अध्यक्षों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष संजय गोंडा, सुशील सिंह चंदेल, ऐश्वर्य सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी 2364 बूथों पर ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण कराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला संयोजक नीरज सिंह तथा सह संयोजक कुलदीप भदौरिया और ओम मिश्रा की टीम ने पहले से तैयारियां पूरी कर ली थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now