CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना अंतर्गत मनीपुर सेमरिया गांव से बीते गुरुवार को लापता हुए 50 वर्षीय जागेश्वर पासवान उर्फ जग्गा के सकुशल घर वापस लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात जागेश्वर क्षेत्र के ही पहाड़पुर गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे, जहां से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठाया और वहां से कहीं दूर ले गया। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। लापता होने के बाद से ही घर में कोहराम मचा हुआ था और अनहोनी की आशंका से ग्रामीण डरे हुए थे। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाई और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रशासन की इसी कड़ी कार्रवाई और बढ़ते दबाव के चलते अज्ञात लोग जागेश्वर को ज्यादा समय तक अपने पास रखने की हिम्मत नहीं जुटा सके। लगभग 48 घंटे बीतने के बाद अपहरणकर्ताओं ने पकड़े जाने के डर से उन्हें नरैनी के पास सुरक्षित छोड़ दिया और वहां से रफूचक्कर हो गए। सुखद संयोग रहा कि जागेश्वर के साढू ने उन्हें नरैनी में देखा और पहचान लिया, जिसके बाद वह उन्हें अपने साथ घर ले आए। सुबह करीब सात बजे जैसे ही जागेश्वर पासवान अपने साढू के साथ गांव पहुंचे, उनकी पत्नी और बच्चों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने उनसे घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। फिलहाल घर आने की पुलिस को सूचना दी गई है तहकीकात कर रही है। थानेदार बच्चे प्रसाद ने बताया कि परिजनों ने घर आने की सूचना दी है। जानकारी जुटाई जा रही है।
