साल 1812 की गर्मियों में यूरोप का सबसे बड़ा तानाशाह नेपोलियन बोनापार्ट अपनी 6 लाख से ज्यादा सैनिकों की ‘ग्रैंड आर्मी’ लेकर रूस की सरहद पर आ धमका। नेपोलियन का मकसद सीधा था। रूस को इतनी करारी शिकस्त देना कि ज़ार अलेक्जेंडर प्रथम हमेशा के लिए उसके सामने घुटने टेक दे। नेपोलियन की अजेय सेना को तेजी से आगे बढ़ता देख रूसी कमांडरों ने एक ऐसी खतरनाक और अनोखी रणनीति अपनाई, जिसने इतिहास का रुख बदल दिया। इसे कहा गया ‘स्कॉर्च्ड अर्थ पॉलिसी’। रूसी सेना ने नेपोलियन से सीधे लड़ने के बजाय पीछे हटना शुरू कर दिया। लेकिन वे सिर्फ पीछे नहीं हट रहे थे, बल्कि अपने पीछे छूटने वाले शहरों, गांवों, अनाज के गोदामों और खेतों को खुद ही आग लगाते जा रहे थे, ताकि नेपोलियन की इतनी बड़ी फौज को रास्ते में खाने का एक दाना भी न मिले। सितंबर के महीने में बोरोडिनो के मैदानों पर दोनों सेनाओं के बीच एक भयानक और खूनी टक्कर हुई, जिसमें दोनों तरफ के हजारों सैनिक मारे गए। इसके बाद रूसी सेना ने अपने जान से प्यारे शहर मॉस्को को भी खाली कर दिया। अब सोचिए जरा, जब नेपोलियन पूरी शान से मॉस्को के क्रेमलिन महल में दाखिल हुआ, तो उसे वहां जीत का जश्न मनाने के लिए कोई नहीं मिला। पूरा शहर सूना पड़ा था और उसी रात रहस्यमय तरीके से पूरे मॉस्को में आग लग गई। नेपोलियन पांच हफ्तों तक वहां बैठकर ज़ार के सरेंडर करने का इंतजार करता रहा, लेकिन ज़ार ने संदेशा भिजवाया मैं अपनी दाढ़ी बढ़ाकर साइबेरिया में आलू खाकर जिंदा रह लूंगा, लेकिन नेपोलियन से समझौता नहीं करूंगा। और फिर आया रूस का सबसे वफादार सेनापति ‘जनरल विंटर’ (कड़ाके की सर्दी)। अक्टूबर के अंत में जब नेपोलियन ने वापस लौटने का फैसला किया, तो तापमान शून्य से 30-40 डिग्री नीचे गिर गया। नेपोलियन के सैनिक बिना गर्म कपड़ों के बर्फ में जमने लगे और भूख से दम तोड़ने लगे। जो बच गए, उन पर पीछे से रूसी गुरिल्ला और कोसैक लड़ाके भेड़ियों की तरह टूट पड़े। जो 6 लाख की फौज शान से आई थी, उसमें से बमुश्किल कुछ हजार सैनिक ही जिंदा बचकर वापस लौट पाए। इस ऐतिहासिक जीत ने रूस को यूरोप का असली मसीहा और रक्षक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now