फोटो परिचय- प्राथमिक विद्यालय अस्ती में आयोजित बाल मेले में उत्साह के साथ भाग लेते बच्चे और अतिथि।
– डायट प्राचार्य मायाराम ने किया मेले का उद्घाटन, विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड देने का दिया आश्वासन
– डेज़लर एकेडमी की ओर से बच्चों को गिफ्ट हैम्पर और केक देकर बढ़ाया उत्साह
फतेहपुर(CNF)। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को प्राथमिक विद्यालय अस्ती में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। चाचा नेहरू की जयंती पर विद्यालय परिसर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने खेलकूद, खानपान और मनोरंजक गतिविधियों के बीच जमकर मस्ती की। प्रधानाध्यापिका आसिया फारूकी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिभावकों, रसोइयों, पूर्व छात्रों और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सभी ने अपने हाथों से तैयार विभिन्न व्यंजनों और सामग्री के स्टॉल लगाए।
मेले का शुभारंभ डायट प्राचार्य मायाराम ने डेज़लर एकेडमी की संचालिका हिना खान, मेहजबी खान और उनकी टीम के साथ फीता काटकर किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मेले में दोपहर तीन बजे तक लोगों की भीड़ जुटी रही। बच्चों के लिए लगाए गए विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। खासतौर पर पानी के बताशों की खूब बिक्री हुई। वहीं, बच्चों के बीच घूमता जोकर और गुब्बारे बेचने वाला बैलून मैन मेले की रौनक बने रहे। बच्चों ने खेल और मनोरंजन के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा कीं।
इस मौके पर डायट प्राचार्य मायाराम ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। डेज़लर एकेडमी की ओर से सभी बच्चों को गिफ्ट हैम्पर वितरित किए गए, जिनमें चिप्स, चॉकलेट, नमकीन, पेन, पेंसिल सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री शामिल रही। इसके अलावा एकेडमी की संचालिका हिना खान ने बच्चों के लिए बाल दिवस का विशेष केक भी उपलब्ध कराया। बच्चों ने सामूहिक रूप से केक काटकर खुशियां मनाईं।
कार्यक्रम ने बच्चों को मनोरंजन के साथ आपसी सहयोग, सहभागिता और रचनात्मकता का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति स्नेह और उनके उज्ज्वल भविष्य का सपना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
