फोटो परिचय- (3) जाफरगंज थाने के बाहर हंगामा करते मृतक के परिजन व ग्रामीण।
– पुलिस पर भगदड़ कराने और खदेड़ने का आरोप, थाने के बाहर जुटी भीड़
– एसपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, परिजनों की तहरीर में अंधेरे में गिरने का जिक्र
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जाफरगंज के पारंपरिक मेले में हुए दर्दनाक हादसे ने शनिवार सुबह उस समय तूल पकड़ लिया, जब कुएं में गिरकर जान गंवाने वाले अधेड़ का शव लेकर परिजन थाने पहुंच गए। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जताई तथा कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि मेले में पुलिस के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी मची और पुलिस कर्मियों की कथित दौड़ाने की कार्रवाई के दौरान नरेंद्र कुएं में जा गिरे। हालांकि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए हादसे की वजह अंधेरे में कुएं में गिरना बताया है।
मृतक की पहचान जाफरगंज थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा (50) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात जाफरगंज कस्बे में पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया था। इसी दौरान नरेंद्र कुशवाहा अचानक कुएं में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके हाथ-पैर और कमर में चोटें आईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी सांसें थम गईं। इस घटना से परिवार में मातम छा गया।
शनिवार सुबह मृतक के परिजन शव लेकर जाफरगंज थाने पहुंच गए। उनके साथ कई ग्रामीण भी थे। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में थाने के बाहर भीड़ एकत्र हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पूरे प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में पुलिस के पहुंचने से भगदड़ होने अथवा किसी पुलिसकर्मी द्वारा नरेंद्र को दौड़ाकर कुएं में गिराने की पुष्टि नहीं हुई है।
एसपी के मुताबिक, मृतक के परिजनों से बातचीत और उनके द्वारा थाने में दी गई लिखित तहरीर में भी पुलिस द्वारा खदेड़े जाने का कोई आरोप नहीं लगाया गया है। तहरीर में नरेंद्र कुशवाहा के अंधेरे के कारण कुएं में गिरने की बात कही गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। साथ ही प्रशासन की ओर से परिवार को दैवीय आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी लाभों की जानकारी भी दी गई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों की लिखित शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
