फोटो परिचय- बाल मेले में विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते विद्यार्थी।
– फूड स्टॉल से लेकर मनोरंजक खेलों तक बच्चों ने जमाया रंग
– खरीदारी और बिक्री के जरिए विद्यार्थियों ने सीखे व्यावहारिक गुण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बाल दिवस के अवसर पर द ओक पब्लिक स्कूल में आयोजित बाल मेले ने बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता को नया मंच दिया। शनिवार को विद्यालय परिसर में सजे इस मेले में विद्यार्थियों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि अपनी प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल का भी शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में अलग-अलग खानपान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। खास बात यह रही कि इन स्टॉलों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने खुद संभाली। बच्चों ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर उन्हें बिक्री के लिए प्रस्तुत किया। ग्राहकों से संवाद करने, सामान की कीमत तय करने और खरीद-बिक्री का अनुभव हासिल कर विद्यार्थियों ने व्यापारिक गतिविधियों की बारीकियां भी सीखीं।
मेले में मनोरंजन के लिए गेम जोन और झूलों की विशेष व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने मनपसंद व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ विभिन्न खेलों में भागीदारी की और झूलों का आनंद उठाया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग जैसे गुणों से परिचित कराना रहा। आयोजन में प्रबंधक रोहिताभ सोलंकी एवं प्रधानाचार्या करिश्मा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की भागीदारी और शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।
