जाफरगंज थाने में पीड़ितों की समस्याएं सुनते एसपी।
– निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को थाना जाफरगंज पहुंचकर जनसुनवाई की और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके। जनसुनवाई के दौरान थाना स्तर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के बाद एसपी ने थाने का निरीक्षण किया। उन्होने कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, हवालात के साथ-साथ परिसर का भी जायजा लिया। उन्होने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। थाने पर आने वाले पीड़ितों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए। महिला उत्पीड़न के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने का काम करें।
