परीक्षा केन्द्र का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
– डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
– सीसीटीवी से लेकर प्रवेश व्यवस्था तक हुई गहन समीक्षा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी-2026) गुरुवार को कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक स्वयं मैदान में उतरे और विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने एएस इंटर कॉलेज व श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, स्ट्रांग रूम एवं परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और पुलिस बल को पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नकलविहीन माहौल में संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के बाहर और भीतर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले गहन जांच की गई। प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग के चलते जनपद में यूपी टीईटी-2026 परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और नकलविहीन माहौल में संपन्न होती नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now