फोटो परिचय-  कांशीराम कॉलोनी में लोगों से बातचीत करते पूर्व विधायक विक्रम सिंह।

– जनसंवाद में सामने आई सफाई और जलभराव की समस्या, दीपावली से पहले रंगाई-पुताई की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। कांशीराम कॉलोनी गड़रियनपुरवा में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखाई दी। कॉलोनी का भ्रमण करने पहुंचे पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सफाई व्यवस्था, जल निकासी और कॉलोनी की रंगाई-पुताई का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण कई स्थानों पर गंदगी जमा रहती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति भी बन जाती है। लोगों ने अन्य समस्याओं से भी पूर्व विधायक को अवगत कराया।

समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विक्रम सिंह ने मौके से ही नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कॉलोनी में सफाई व्यवस्था बेहतर कराने तथा जल निकासी की समस्या का जल्द समाधान कराने को कहा। साथ ही जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दीपावली से पहले कांशीराम कॉलोनी की रंगाई-पुताई कराए जाने की मांग की।

पूर्व विधायक ने कहा कि कॉलोनी के निर्माण के बाद से अब तक रंगाई-पुताई नहीं कराए जाने से भवनों की स्थिति खराब हो रही है। यहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं, इसलिए साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

जनसंवाद के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र परिवार योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन का सदुपयोग करते हुए सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने की अपील की।

कॉलोनी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत भी किया। इस मौके पर आर्यन गिहार, अंकुर तिवारी, अजीत गिहार, गीता देवी गिहार, ओम प्रकाश गौतम, अंकुश गौतम, तहसीन रजा, मो. आदिल, जुलेखा, अन्नू, सोनी ठाकुर, राम बाबू गुप्ता, छोटकू, अभिषेक तिवारी, मनीष शर्मा, युनुश, आरती देवी, गुड़िया खान, जय यादव, राकेश समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now