चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
– अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं, दिलाया समाधान का भरोसा
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धाता विकास खंड के कोट गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, आवास, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, शौचालय सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा देते हुए शिकायतों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, शौचालय योजना समेत शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आगाह करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कराना अब बेहद जरूरी है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगी, उन्हें खाद, उर्वरक, बीज सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है। साथ ही बताया गया कि कृषि यंत्रों की खरीद पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जा रहा है, जिसका लाभ पंजीकरण कराकर लिया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मसर्रत अली, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत, सचिव लवलेश मिश्रा, लेखपाल मिथुन, कोटेदार बलागत अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
