फोटो परिचय- उपराज्यपाल से मुलाकात कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।
* देशभर में पूर्ण गोहत्या प्रतिबंध लागू करने की मांग उठाई
* गोमाता को राष्ट्रमाता और राष्ट्रीय धरोहर का संवैधानिक दर्जा देने पर दिया जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गोवंश के संरक्षण और गोमाता के सम्मान को लेकर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गोवंश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए देश में पूर्ण गोहत्या प्रतिबंध लागू करने समेत कई महत्वपूर्ण मांगें उनके समक्ष रखीं।
मुलाकात के दौरान राज्य प्रभारी सनातन केसरी, राज्य संयोजक अपूर्व तिवारी और राज्य प्रचारक धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक ने अभियान की गतिविधियों और भावी योजनाओं से उपराज्यपाल को अवगत कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि गोमाता के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए देशभर में शांतिपूर्ण एवं अहिंसक तरीके से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही वेदलक्षणा देशी गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित कर उसे संवैधानिक मान्यता दी जाए तथा राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा प्रदान किया जाए। गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए मजबूत संस्थागत तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में अभियान के माध्यम से लोगों को गोसेवा और संरक्षण के प्रति जागरूक करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
