फोटो परिचय- सनगांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते पूर्व मंत्री एवं विधायक जय कुमार सिंह जैकी।
– बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने सनगांव में किया ग्राम सचिवालय का लोकार्पण
– ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में शनिवार को सनगांव में ग्राम सचिवालय की शुरुआत हुई। पूर्व मंत्री एवं बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने फीता काटकर ग्राम सचिवालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि ग्राम सचिवालय ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके संचालन से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों और शिकायतों के लिए ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित कराना भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान इफ्तेखार खान, ग्राम सचिव मोईन खान, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि शानू खान, मोहम्मद आसिफ रजा, शहनवाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
