फोटो परिचय- जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– एग्रीस्टैक के आंकड़ों से खाद, बीज, ऋण और सिंचाई व्यवस्था को बनाया जाएगा बेहतर
– फसल में रोगों की पहचान के लिए एआई तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खेती-किसानी को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (डीएलटीएफ) की बैठक हुई। इसमें एग्रीस्टैक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता लाने और किसानों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री और डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों के बीच खाद और बीज वितरण को व्यवस्थित करने, बटाईदार एवं किराये पर खेती करने वाले किसानों की पहचान करने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में डिजिटल आंकड़ों की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई।
डीएम ने निर्देश दिए कि किसानों की रजिस्ट्री, फसलों के डिजिटल सर्वे और भू-अभिलेखों से प्राप्त सूचनाओं का आपसी समन्वय स्थापित कर उपयोग किया जाए। इससे कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने के साथ फसल उत्पादन की योजना और सिंचाई प्रबंधन को भी वैज्ञानिक आधार मिल सकेगा।
बैठक में कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए फसलों में लगने वाले रोगों की समय रहते पहचान करने और किसानों को उनकी स्थानीय भाषा में तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर कृषि सेवाओं को सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एआर कोआपरेटिव, एलडीएम, जिला उद्यान अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
