फोटो परिचय-  प्रसूता और नवजात को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाते स्वास्थ्यकर्मी।

* फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस कर्मियों ने दिखाई तत्परता, तत्काल उपलब्ध कराई चिकित्सा सहायता

* जिला महिला अस्पताल में भर्ती, चिकित्सकों की निगरानी में जच्चा-बच्चा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। लुधियाना से खागा जा रहे एक परिवार की यात्रा उस समय अचानक आपात स्थिति में बदल गई, जब गर्भवती महिला को ट्रेन में प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द बढ़ने के बीच महिला ने चलती ट्रेन में ही बच्चे को जन्म दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस पहुंची और कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। प्राथमिक देखभाल के बाद मां और नवजात को जिला महिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।

मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक निशा (20) पत्नी संदीप अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ लुधियाना से खागा आ रही थीं। उनके साथ पति संदीप, ससुर रामनारायण (50) और सास भी यात्रा कर रहे थे। रास्ते में अचानक निशा को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति संभलने से पहले ही चलती ट्रेन में उनका प्रसव हो गया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल मदद के लिए सूचना दी।

सूचना पर फतेहपुर रेलवे स्टेशन पहुंची आपातकालीन एंबुलेंस के ईएमटी दिनेश सिंह और पायलट उदय भान ने बिना देर किए प्रसूता और नवजात को आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद दोनों को सुरक्षित जिला महिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने आपात स्थिति में तत्परता दिखाने वाले एंबुलेंस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से प्रसूता और नवजात को तत्काल अस्पताल पहुंचाना संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now