फोटो परिचय-  ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– कलेक्ट्रेट से डीएम ने शुरू कराई ईवीएम-वीवीपैट की व्यावहारिक जानकारी देने की मुहिम

– बूथों पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदाता जागरूकता की पहल तेज कर दी है। अब जिले के नागरिकों को मतदान से पहले ईवीएम और वीवीपैट के संचालन की जानकारी दी जाएगी, ताकि चुनाव के दिन किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न बने।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं ईवीएम पर मतदान करके पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया और उपस्थित लोगों को बताया कि किस तरह मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाल सकते हैं तथा वीवीपैट के माध्यम से अपने मतदान की पुष्टि कर सकते हैं।

डीएम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में किसी तरह की शंका नहीं रहनी चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए तहसील और ग्राम स्तर पर भी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। आगामी 21, 22, 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी निर्धारित बूथों पर विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बीएलओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों में बूथों पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और पात्र आवेदकों के नाम नियमानुसार दर्ज कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित निर्वाचन विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now