फोटो परिचय- पुलिस लाइन में निरीक्षण के दौरान डॉग स्क्वायड की कार्यप्रणाली देखते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– जवानों की शारीरिक क्षमता परखी, अनुशासन और बेहतर ड्रिल पर दिया जोर
– पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं से लेकर अभिलेखों तक का किया गहन निरीक्षण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस महकमे की कार्यक्षमता बढ़ाने और जवानों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने परेड की कमान संभालते हुए पुलिस कर्मियों की शारीरिक चुस्ती, अनुशासन और प्रशिक्षण का बारीकी से मूल्यांकन किया।
परेड के दौरान एसपी ने विभिन्न टोलियों का निरीक्षण किया और जवानों से दौड़ व शारीरिक अभ्यास कराकर उनकी फिटनेस की स्थिति जानी। उन्होंने ड्रिल में एकरूपता, कदमताल में तालमेल और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मियों की शारीरिक दक्षता और कार्य के प्रति तत्परता बेहतर पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा तथा पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। वाहनों की उपलब्धता और रखरखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी परखा। डॉग स्क्वायड की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर संबंधित कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली।
वहीं साप्ताहिक अर्दली रूम में विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा विभागीय कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
