एसपी को शिकायती पत्र सौंपने जाते पीड़ित।

– आरोपी की गिरफ्तारी और कुछ जेवर बरामद होने के बाद भी बाकी सामान का पता नहीं
– एक माह से अधिक समय बीतने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। असोथर थाना क्षेत्र के अंदीपुर सरांय खालिस गांव में हुई चोरी की घटना में शेष सामान की बरामदगी न होने से पीड़ित परिवार परेशान है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और कुछ आभूषणों की बरामदगी के बावजूद अन्य सामान अब तक पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पीड़ित धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर चोरी की बची हुई वस्तुओं को बरामद कराने की मांग की है।

धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक परिवार के लोग किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अजय सिंह पुत्र राम सिंह ने कथित रूप से घर का ताला खोलकर अंदर रखे कीमती आभूषण समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के वापस लौटने पर घर में चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद पांच अगस्त को असोथर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।

पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से चोरी किए गए कुछ आभूषण भी बरामद हुए। आरोप है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी के अन्य सामान के संबंध में पुलिस को जानकारी दी थी। बताया गया था कि बचा हुआ सामान उसके एक रिश्तेदार के पास मौजूद है और वहां से उसे बरामद किया जा सकता है।

इसके बावजूद घटना को एक माह से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन चोरी की शेष वस्तुओं की बरामदगी नहीं हो सकी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी को लेकर धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग करते हुए चोरी का पूरा सामान बरामद कराने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now