कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते जनगणना कर्मी।
– मकान सूचीकरण कार्य पूरा होने के बाद भुगतान का इंतजार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण कार्य में लगे शिक्षक एवं कर्मचारियों का मानदेय और प्रशिक्षण भत्ता अब तक नहीं मिलने से उनमें नाराजगी है। इस संबंध में कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शीघ्र भुगतान कराने की मांग उठाई है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र राजपूत व जिला मंत्री दिनेश कुमार सैनी की अगुवई में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में 21 मई 2026 से 20 जून तक जनगणना-2027 के प्रथम चरण का मकान सूचीकरण कार्य बड़े स्तर पर कराया गया था। इस दौरान फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर और प्रगणकों सहित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शासन के निर्देशानुसार कार्य संपन्न किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कार्य पूरा हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक निर्धारित मानदेय और प्रशिक्षण अवधि का देय भत्ता उनके खातों में नहीं भेजा गया है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मामले का संज्ञान लेते हुए जनगणना कार्य में लगे सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों का लंबित मानदेय और प्रशिक्षण भत्ता शीघ्र जारी कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। इस मौके पर तरूण सिंह, विपिन गुप्ता, नीलम गौतम, जुनैद सिद्दीकी, रामबाबू मौर्य, अमित कुमार पटेल आदि मौजूद रहे।
