फोटो परिचय- व्यापार बंधु की बैठक में भाग लेकर बाहर खड़े जन उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
– मरीजों से अभद्रता और अस्पताल में संदिग्ध लोगों की सक्रियता का मुद्दा व्यापार बंधु की बैठक में उठा
– जन उद्योग व्यापार मंडल ने संदिग्ध लोगों को चिह्नित कर प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग की
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को कथित दलालों और अराजक तत्वों से परेशानी होने का मामला जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक में उठाया गया। जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने अस्पताल परिसर में संदिग्ध लोगों की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से पूरे मामले की जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चंदन सिंह चौहान दर्जनों पदाधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के साथ ही जनहित से जुड़े कई मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे। इसी दौरान जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कुछ बाहरी लोग मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच सक्रिय रहते हैं। आरोप है कि चिकित्सकों पर दबाव बनाकर मरीजों को बाहर से दवाएं लिखवाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मरीजों और महिलाओं के साथ अभद्रता तथा छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आती रही हैं।
जांच के बाद हो सख्त कार्रवाई
चंदन सिंह चौहान ने जिलाधिकारी से मांग की कि अस्पताल परिसर में सक्रिय संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों की जांच कराई जाए। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ अस्पताल परिसर में उनके प्रवेश पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल गरीब, निर्धन और बेसहारा मरीजों के लिए सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ किसी बिचौलिए के बजाय सीधे जरूरतमंदों को मिलना चाहिए।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने व्यापार मंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद, जसवंत गिहार, नीरज सिंह, मुन्ना गिहार, कुसुम्भी नगर अध्यक्ष अनिल सोनी, महामंत्री संतोष शर्मा, विनोद साहू, अवधेश रजोला, रमवा नगर अध्यक्ष सानू सिंह, महामंत्री आदित्य कुमार, हसवा नगर अध्यक्ष उदयभान सिंह सेंगर समेत संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।
