विद्यालय के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता परखतीं डीएम व साथ में सीडीओ।
– स्कूलों में डीएम का सख्त एक्शन, पढ़ाई, नामांकन और गुणवत्ता पर कसा शिकंजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र तेलियानी के कंपोजिट विद्यालय बिलंदपुर व प्राथमिक विद्यालय कांधी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति, मिड-डे मील, अभिलेखों और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

कंपोजिट विद्यालय बिलंदपुर में जिलाधिकारी ने सबसे पहले बाल वाटिका का निरीक्षण कर बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इसके बाद कक्षा-3 के विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने विद्यालय प्रभारी से मिड-डे मील की जानकारी ली और उपस्थिति पंजिका, कॉलिंग रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। डीएम ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक संपर्क का विवरण कॉलिंग रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। विद्यालय प्रभारी ने बताया कि सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी का समय निर्धारित है। इस व्यवस्था की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया। इसके बाद डीएम व सीडीओ ने विद्यालय परिसर से स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। इसके उपरांत अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय कांधी का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों से बातचीत की तथा कक्षा-1 के बच्चों से गिनती और पहाड़ा सुनकर उनकी शैक्षणिक क्षमता का परीक्षण किया। बच्चों द्वारा सही उत्तर देने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now