डीएम को बुके देकर सम्मानित करतीं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाएं।
– हेमलता पटेल ने डीएम को किया सम्मानित, महिला सुरक्षा व स्वावलंबन पर की चर्चा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सोमवार को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से शिष्टाचार मुलाकात की। संगठन की ओर से जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों एवं जनहितकारी प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने महिलाओं से जुड़ी समस्याओं, उनके अधिकारों और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के संबंध में अपने विचार जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने भी महिला उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत बन रही हैं। उन्होंने गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने डीएम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद में महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और विकास कार्यों को लेकर प्रशासन की सक्रियता सराहनीय है। इस अवसर पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की जिलाध्यक्ष सरला सिंह, उपाध्यक्ष मरियम जहां, संयोगिता वर्मा, सरिता प्रजापति सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now