– बंद घर में बिजली विभाग ने जबरन घरेलू कनेक्शन को किया कमर्शियल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राधानगर में बिजली विभाग के कर्मचारियों की एक बेहद हैरान करने वाली तानाशाही और मनमानी का मामला सामने आया है, जहां बिजली कर्मियों ने एक बंद मकान में जबरन घरेलू कनेक्शन को कमर्शियल (व्यावसायिक) में तब्दील कर नया मीटर लगा दिया।
दरअसल, घर के भीतर तख्त के नीचे रखी चूड़ी और महिलाओं के श्रृंगार के सामान को ही कर्मचारियों ने व्यवसायिक प्रतिष्ठान मान लिया और यह पूरी कार्रवाई कर डाली। पीड़ित उपभोक्ता ने बिजली विभाग के इस कृत्य को सरासर धोखा और उत्पीड़न बताते हुए जिलाधिकारी व विभागीय उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पूरा मामला राधानगर पावर हाउस (विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय) के अंतर्गत राधानगर चैकी के पास का है। यहां के निवासी पीड़ित उपभोक्ता रामकरन रामू पुत्र महादेव ने अपने मकान के लिए घरेलू बिजली कनेक्शन ले रखा था, जिसका बिल वह नियमित रूप से जमा कर रहे थे। रामकरन और उनकी पत्नी कमला देवी चूड़ी बेचने का काम करते हैं। बीते दिनों दोनों पति-पत्नी दुकान की सामग्री खरीदने के लिए किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर पर केवल उनके छोटे बच्चे सोनी, मोनी और चुन्नू मौजूद थे। पीड़ित का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर राधानगर पावर हाउस के कर्मचारी उनके घर में घुस गए और घर के अंदर तख्त के नीचे रखे चूड़ी व श्रृंगार के सामान को आधार बनाकर, बच्चों के विरोध के बावजूद जबरन विधा परिवर्तन करते हुए कमर्शियल मीटर ठोक दिया। बिजली कर्मियों की इस मनमानी के बाद पीड़ित उपभोक्ता ने उपखंड अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को संज्ञान में लेते हुए जब जूनियर इंजीनियर ने लाइन स्टाफ के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण किया, तो कर्मचारियों की इस मनमानी की पोल खुल गई। जांच अधिकारी ने अपनी लिखित आख्या में साफ तौर पर दर्ज किया कि उपभोक्ता के यहाँ मौके पर जांच की गई, जिसमें घर पर कोई दुकान संचालित नहीं पाई गई और न ही कोई व्यावसायिक उपयोग होना पाया गया। विभागीय जांच में सच सामने आने के बाद अब पीड़ित रामकरण ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और उनके कनेक्शन को तत्काल प्रभाव से पुनः घरेलू विधा में बहाल करने की मांग की है।
