कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के लिए खड़े कांग्रेसी।
– डीएम को दिया ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद की तहसीलों व नगर पालिका परिषद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, सुविधा शुल्क वसूली और लंबित फाइलों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी व शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से मुलाकात कर शिकायत पत्र सौंपा और भ्रष्टाचार पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आरोप लगाया कि तहसीलों में आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपालों द्वारा खुलेआम सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। इसके अलावा भूमि को कामर्शियल कराने, दाखिल-खारिज और हदबंदी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी मनमानी धन वसूली का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि पैसे न देने वाले लोगों की फाइलें महीनों तक लटकाई जाती हैं, जिससे आम जनता परेशान और शोषण का शिकार हो रही है। शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा ने नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में चार से छह माह तक का समय लग रहा है। कई बार फाइलें गायब हो जाती हैं और लोगों को मजबूर होकर सुविधा शुल्क देकर अपना काम कराना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि असिसमेंट से जुड़ी फाइलों में ग्राम समाज की रिपोर्ट लगाने के नाम पर भी मनमानी वसूली की जा रही है। धन न मिलने पर अधिकारियों द्वारा तहसील से रिपोर्ट न आने का बहाना बनाकर फाइलों को आठ-नौ महीने तक लंबित रखा जा रहा है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा और जांच के बाद त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने भी जल्द ही संबंधित साक्ष्य प्रशासन को सौंपने की बात कही। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तहसीलों और नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार व जनता की समस्याओं पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रतिनिधिमंडल में श्रवण गौड़, शेख एजाज अहमद, आशीष गौड़, मणि प्रकाश दुबे, प्रेम शंकर त्रिवेदी, देवी प्रकाश दुबे, राजू लोधी, पं. रामनरेश महाराज और जेपी पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now