सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम कंसमीरी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने नविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे जहर खिला दिया। जिसकी कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहां निवासी शिवम ने अपनी बहन रानी की शादी दस मई 2025 में बकेवर थाना निवासी राहुल यादव के साथ की थी। बताते हैं कि कुछ माह तो ठीक-ठाक रहा बाद में ससुरालीजन दहेज में अपाचे बाइक व दो लाख रूपए की मांग को लेकर आए दिन उसे प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर शनिवार की शाम पहले परिजनों ने उसे मारापीटा बाद में उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसकी जानकारी जब रानी के घर वालों को हुई तो तत्काल पहंुचे और उसे लेकर बिन्दकी सीएचसी आए। जहां हालत ठीक न होने पर चिकित्सक ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर आए जहां चिकित्सक ने उसे हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। उधर परिजन शव लेकर वापस गांव आ गए और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के भाई शिवम व चाचा महेन्द्र सिंह ने बताया कि शादी के छह माह बाद पति राहुल, देवर रोहित, सास लक्ष्मी, ससुर हंसराज व नंदो ने उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया और अपाचे गाड़ी व दो लाख रूपए की मांग को लेकर मारते-पीटते थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने पुत्री को जहर खिलाकर मार डाला।
