प्रगणक व सुपरवाइजरों को किट वितरित करते ईओ।
– 452 प्रगणकों व 59 सुपरवाइजरों की हुई तैनाती
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद कार्यालय में बुधवार को जनगणना 2027 को लेकर किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी रविंद्र कुमार ने जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मचारियों को आवश्यक किट वितरित की और उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए।
बताया गया कि शहर क्षेत्र में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 452 प्रगणकों (एन्यूमरेटर) की नियुक्ति की गई है, जबकि उनके पर्यवेक्षण के लिए 59 सुपरवाइजरों को लगाया गया है। सभी कर्मचारियों को घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं एकत्र करने का दायित्व सौंपा गया है। अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करती है। इसलिए जनगणना में जुटे कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों द्वारा मांगी गई जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़ों का सही संकलन हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही जनगणना का कार्य सुचारु और सफल ढंग से पूरा किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए तथा सर्वे कार्य के दौरान सावधानी और गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया गया। नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now