CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पांच रूपये का सामान लेकर खा लेना मासूम को इतना महंगा पड़ गया कि उसकी मां ने गैस जलाकर चाकू गरम कर उसके दोनो तलवों को बुरी तरह जलाने के बाद कमरे में बन्द कर पडोस में बच्चे के बर्थडे में शामिल होने चली गयी। हमजोली बच्चे के बताने पर राज खुला।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव निवासी विनय इन्दौर में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी गुडिया देवी व 6 वर्षीय पुत्र शुभ रहता है। बताया जा रहा है कि उसकी मां गुडिया ने बच्चे को 20 रूपये देकर एसएनके गुटखा मंगाया। जिस पर बच्चे ने 15 रूपये का गुटखा ले लिया और पंाच रूपये सामान लेकर खुद खा लिया। जब वह घर लौटा मां ने तीन गुटखा दे आग बबूला हो गयी। पहले उसने बच्चे को पीटा और बाद में गैस जलाकर चाकू गरम कर दोनो तलुओ को बुरी तरह जलाने के बाद एक कमरे में बन्द कर बाहर से ताला लगा पडोसी राजकुमार सिंह चैहान के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने चली गयी। कुछ देर बाद राजकुमार का पुत्र शुभ को ढूंढते हुये उसके घर पहुंचा तो कमरे में वह बुरी तरह रो रहा था। यह देखा वह अपने घर पहुंचा और अपने माता पिता को सारी बात बतायी। जिस पर राजकुमार सहित कई लोग उसे लेकर घर पहुचे और ताला खुलवाया तो बच्चे के पैर बुरी तरह जले थे। तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस ने को दे दी। मौके में पहुंची पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर मासूम को मेडिकल के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।
