फोटो परिचय- तहसील परिसर में किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में विचार रखते किसान नेता।
* किसानों पर दर्ज मुकदमे खत्म करने और खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था की मांग
* बंद खाद समिति शुरू कराने व रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने का उठाया मुद्दा
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने गुरुवार को तहसील परिसर में बैठक कर प्रशासन के समक्ष नौ सूत्रीय मांगें रखीं। तहसीलदार के साथ हुई वार्ता में किसान नेताओं ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत बुलाकर आंदोलन किया जाएगा।
किसान नेताओं ने सड़क जाम के मामले में किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा किसान नेता सुखीराम के खिलाफ दर्ज मुकदमे को कथित रूप से फर्जी बताते हुए समाप्त करने की मांग उठाई। इसके अलावा अमौली क्षेत्र के चांदपुर गांव में करीब 20 वर्षों से बंद खाद समिति को फिर से संचालित करने, आवारा मवेशियों और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा तथा सहकारी समितियों पर डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
यूनियन ने सरकारी बीज भंडारों से किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने, बिंदकी मंडी में व्यापारियों द्वारा की जा रही दो प्रतिशत टीडीएस कटौती बंद कराने और हरदौलपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी उठाया। किसान नेताओं ने कहा कि कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान में लापरवाही से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। प्रशासन को इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह, अंगद सिंह, पुत्तन दुबे, रज्जन चौहान, स्वामीदीन, जय नारायण, सुखीराम, राजाराम, शिवप्रसाद, अमन और जंग बहादुर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
