– डडीवा के मतदाताओं ने डीएम से मांगा अपना मतदान केंद्र

– बारातशाला भवन को मतदेय स्थल बनाने की मांग, बुजुर्गों-महिलाओं को राहत की उम्मीद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मतदान हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन बहुआ विकासखंड के ग्राम पंचायत गाजीपुर के मजरा डडीवा के ग्रामीणों के लिए इस अधिकार तक पहुंचना ही मुश्किल हो गया है। गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर मतदान केंद्र बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में ही मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि डडीवा गांव के वार्ड संख्या 14 व 15 के मतदाताओं को वर्तमान व्यवस्था में मतदान के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर मजरा हसनपुर स्थित प्राथमिक पाठशाला मतदान केंद्र संख्या 22 तक जाना पड़ता है। लंबी दूरी का यह सफर सामान्य मतदाताओं के लिए भी परेशानी भरा है, जबकि बुजुर्ग, दिव्यांग और महिला मतदाताओं के लिए यह बड़ी बाधा बन जाता है।

गांव में मौजूद है उपयुक्त भवन

ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने विकल्प भी रखा है। उनका कहना है कि मजरा डडीवा में ग्राम पंचायत गाजीपुर द्वारा बारातशाला का पक्का और सुरक्षित भवन बनाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक यह भवन मतदान केंद्र के लिए उपयोगी है। यदि आगामी चुनाव में बारातशाला को मतदेय स्थल घोषित कर दिया जाए तो हजारों कदमों का सफर बच सकता है और मतदाताओं को अपने गांव में ही मतदान की सुविधा मिल जाएगी।

दूरी घटेगी तो बढ़ेगा मतदान

ग्रामीणों ने कहा कि मतदान केंद्र गांव के नजदीक होने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ेगी। इससे मतदान प्रतिशत में भी सुधार होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर आगामी निर्वाचन में बारातशाला को मतदान केंद्र बनाने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में रामलखन लोधी, धर्मेंद्र, अशोक कुमार, राजेश, हरीराम, चन्द्रभान सिंह लोधी, प्रमोद कुमार, मानचन्द, सत्यप्रकाश, अचलसिंह लोधी, बीरन सिंह लोधी, अरविन्द सिंह, रज्जन विश्वकर्मा सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now