– प्रेमिका समेत छह लोगों पर हत्या का मुकदमा, मां-बेटी को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
– भाई का आरोप: प्यार के जाल में फंसाकर कर दी हत्या
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र के शकूराबाद गांव में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाजियाबाद से अपनी प्रेमिका से मिलने आए 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए प्रेमिका और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रेमिका समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंबेडकरनगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के हड़वा गांव निवासी अकमल पुत्र मकसूद अहमद गाजियाबाद में नौकरी करता था। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से बकेवर क्षेत्र की रहने वाली तहजीब उर्फ खुशबू से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और कई बार मुलाकात भी हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि तीन अगस्त को खुशबू ने अकमल को अपने घर बुलाया था। मृतक के बड़े भाई अमजद खान का कहना है कि घटना से पहले अकमल ने फोन कर कहा था कि यदि शाम साढ़े पांच बजे तक पहुंच सकते हो तो आ जाओ, इसके बाद क्या होगा, यह नहीं जानते। इसके कुछ समय बाद अकमल का शव फंदे से लटका मिला। अमजद खान का आरोप है कि प्रेमिका और उसके परिजनों ने मिलकर अकमल की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के भाई की तहरीर पर बकेवर थाना पुलिस ने तहजीब उर्फ खुशबू पुत्री शफीक, रशीदा पत्नी शफीक, शफीक, सूफिया बेगम, नफीस और खुर्शीद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए प्रेमिका और उसकी मां को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now