पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश।
– पुलिस मुठभेड़ में 13 मुकदमों वाला बदमाश गोली लगने के बाद दबोचा
– साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार; तमंचा, कारतूस, नकदी व बाइक बरामद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में बुजुर्गों को लिफ्ट देने के बहाने जेब काटने वाले शातिर बदमाशों के गिरोह पर चांदपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बुधवार तड़के गूढ़ेश्वर मंदिर के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ जेबकतरा पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार हो गया, जबकि उसका साथी गोलू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक थाना चांदपुर क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवारों की सूचना पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने जैसे ही दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में धर्मेंद्र पुत्र विशालू निवासी कंजरन डेरा मजरे नोनारा, थाना जहानाबाद के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका साथी गोलू पुत्र विनोद निवासी कंचनपुर, थाना बिंदकी भाग निकलने में सफल रहा। पूछताछ में पुलिस के सामने एक बेहद शातिर अपराध का तरीका सामने आया। दोनों आरोपी सुनसान रास्तों पर पैदल जा रहे बुजुर्गों को अपनी बाइक पर बैठाकर मदद का भरोसा दिलाते थे। रास्ते में बातचीत के दौरान उनका ध्यान भटकाकर जेब से रुपये पार कर देते थे और कुछ दूरी पर उतारकर फरार हो जाते थे। इसी तरीके से इन्होंने थाना चांदपुर और थाना कल्याणपुर क्षेत्र में दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। दोनों मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की घटनाओं से जुड़े 3400 रुपये तथा एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार धर्मेंद्र के खिलाफ जनपद और आसपास के विभिन्न थानों में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसका फरार साथी गोलू 13 आपराधिक मुकदमों में नामजद है। पुलिस दोनों का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चांदपुर पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बुजुर्गों को बाइक पर बैठाकर उनका ध्यान भटकाते और जेब से रुपये निकाल लेते थे। फरार आरोपी गोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now