फोटो परिचय- मृतक शिवम सिंह की फाइल फोटो।
– सिराथू में डंपर से बालू खाली कराने के दौरान हुआ हादसा
– शिवम की मौत से मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना क्षेत्र के कुल्ली गांव निवासी 26 वर्षीय शिवम सिंह की सिराथू में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब शिवम डंपर से बालू उतारने के काम में लगा था। इसी दौरान डंपर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से शिवम गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सिराथू पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि शिवम गांव में अपनी मां सीमा देवी और भाई अतीराग के साथ रहता था। उसके पिता जयचंद सिंह का पहले ही आकस्मिक निधन हो चुका है। परिवार में शिवम की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। बेटे को खोने के गम में मां सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं भाई अतीराग भी सदमे में है। घटना की जानकारी मिलते ही कुल्ली गांव में भी शोक का माहौल छा गया।
